छतरपुर (पलामू)।
छतरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खटिन गांव स्थित गुलहरिया आहार में रविवार सुबह डूबने से 14 वर्षीय राकेश की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया। जानकारी के अनुसार, राकेश की मां सुबह गांव की अन्य महिलाओं के साथ आहार में जितिया विसर्जन करने गई थीं। इसी दौरान जब वह देवी माई के दर्शन के लिए आगे बढ़ीं, तो उन्हें अचानक एहसास हुआ कि उनका बेटा राकेश आहार में ही रह गया है।
इसके बाद उन्होंने आसपास मौजूद ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। ग्रामीणों ने तत्काल आहार में बच्चे की तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों की मदद से राकेश का शव पानी से बाहर निकाला गया।
परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में राकेश को छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि राकेश के पिता एक निजी स्कूल का संचालन करते हैं। घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, गांव में भी शोक का माहौल है।
छतरपुर थाना प्रभारी सौरभ चौबे ने बताया कि 14 वर्षीय युवक की मौत हो गई है शव को पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेजा जा रहा है।






