पलामू।
मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र मे गांधी जयंती के अवसर पर मोहम्मदगंज थाना परिसर क्षेत्र में छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा एवं शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान मोहम्मदगंज थाना प्रभारी नारायण सोरेन ने विद्यार्थियों को सड़क पर सुरक्षित आवागमन और यातायात नियमों के पालन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
थाना प्रभारी नारायण सोरेन ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे स्वयं सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और अपने परिवार के सदस्यों तथा आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें।
इस दौरान थाना प्रभारी ने शिक्षा के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने छात्र-छात्राओं को नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासन का पालन करने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा बच्चों के बेहतर भविष्य की नींव है और जागरूक विद्यार्थी ही समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और शिक्षा के प्रति गंभीर रहने का संकल्प लिया। गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में जिम्मेदारी और सामाजिक चेतना की भावना विकसित करना रहा।






