मेदिनीनगर, पलामू।
नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय (एनपीयू) में कथित वित्तीय एवं प्रशासनिक अनियमितताओं के मुद्दे को लेकर विद्यार्थियों की आवाज उठाने और राज्यपाल को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग करने पर डालटनगंज विधायक आलोक चौरसिया को अखिल पलामू छात्र संघ (आपसू) की ओर से सम्मानित किया गया। आपसू प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर आभार जताया।
आपसू नेताओं ने कहा कि उच्च शिक्षा संस्थानों में पारदर्शिता और जवाबदेही बेहद जरूरी है। विश्वविद्यालय से जुड़े मामलों में यदि अनियमितताओं के आरोप सामने आते हैं, तो उनकी निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। संगठन के अनुसार, विधायक आलोक चौरसिया ने एनपीयू में कथित भ्रष्टाचार के मामले को लेकर राज्यपाल को पत्र लिखकर कुलपति प्रो. डॉ. दिनेश कुमार सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
संगठन ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण का महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे में शैक्षणिक सत्र को नियमित करने, परीक्षा एवं परिणाम से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।
आपसू ने कहा कि छात्रहित से जुड़े मुद्दों को उचित मंच तक पहुंचाने वाले जनप्रतिनिधियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। संगठन ने उम्मीद जताई कि विधायक आगे भी विद्यार्थियों और उच्च शिक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहेंगे।
सम्मान कार्यक्रम में आपसू के राहुल कुमार दुबे, कमलेश कुमार पाण्डेय, जिलाध्यक्ष राजीव रंजन, जिला उपाध्यक्ष कुणाल किशोर, राज नेहा चौबे, प्रिया प्रजापति, सानिया अग्रवाल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।






