हुसैनाबाद/पलामू।
पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत से एक आरोपी के फरार होने का मामला सामने आया है। आरोपी हथकड़ी और रस्सी समेत थाना हाजत से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हुसैनाबाद थाना कांड संख्या 198/26 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में दर्ज मामले के अप्राथमिकी अभियुक्त रीतेश कुमार, पिता अनिल सिंह, निवासी पीपरा बगाही, थाना कुटुंबा, जिला औरंगाबाद (बिहार) को गिरफ्तार कर हाजत में रखा गया था।
बताया गया कि घटना के दिन आरोपी ने पेट दर्द की शिकायत की।
इसके बाद सुरक्षा में तैनात चौकीदार उसे इलाज के लिए हाजत से बाहर निकाल रहा था। इसी दौरान आरोपी ने चौकीदार को धक्का दिया और हाथ में लगी हथकड़ी व रस्सी समेत मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद पुलिस बल और चौकीदार ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह भागने में सफल रहा। मामले को लेकर ओडी ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी ने थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर फरार आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया है।
हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना के समय वह छुट्टी पर थे। फरार आरोपी की तलाश और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






