पलामू।
सतबरवा थाना क्षेत्र में सोमवार अहले सुबह हथियार के बल पर बाइक लूट की घटना सामने आई है। एनएच-39 पर पोलपोल और पोखराहा के बीच अपराधियों ने पिस्टल का भय दिखाकर एक व्यक्ति से पल्सर बाइक लूट ली और मौके से फरार हो गए।
भुक्तभोगी की पहचान विश्रामपुर थाना क्षेत्र के गोदरमा कला निवासी विष्णु प्रजापति के रूप में हुई है। बताया गया कि वह लातेहार जिले के मनिका से अपने रिश्तेदार के घर से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सोमवार सुबह करीब पांच बजे पोलपोल और पोखराहा के बीच अज्ञात अपराधियों ने उन्हें रोक लिया।
अपराधियों ने पिस्टल दिखाकर उन्हें डराया और उनकी पल्सर बाइक (जेएच-03AQ-3836) लूट ली। घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए। इसके बाद विष्णु प्रजापति सतबरवा थाना पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सतबरवा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि बाइक लूट की सूचना मिली है। पुलिस मामले का सत्यापन कर रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है।






