मेदिनीनगर।
बिरसा मुंडा चौक से बेलवाटिका चौक तक नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। सड़क किनारे दुकान लगाने वालों को साफ चेतावनी दी गई कि यातायात बाधित करने वाले अतिक्रमण को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
दरअसल, शाम होते ही स्टेशन रोड पर बड़ी संख्या में ठेला-खोमचा और सब्जी की दुकानें लग जाती थीं। इससे सड़क संकरी हो जाती थी और वाहनों के साथ-साथ पैदल चलने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों और निगम कर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। हालांकि निगम की टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रखी। खास बात ये है कि निगम ने अब दुकानदारों के लिए जगह भी तय कर दी है। स्टेशन से बेलवाटिका चौक तक गांधी मैदान की तरफ सड़क किनारे 6 फीट जगह की मार्किंग की गई है। दुकानदारों को इसी निर्धारित सीमा के अंदर ठेला या सब्जी की दुकान लगाने का निर्देश दिया गया है।
निगम ने साफ कर दिया है कि अगर तय सीमा से बाहर दुकान लगाई गई या दोबारा सड़क पर अतिक्रमण किया गया, तो सामान और ठेला जब्त करने के साथ जुर्माना भी लगाया जा सकता है। यानी अब स्टेशन रोड पर दुकान चलेगी, लेकिन सड़क पर नहीं—निगम की तय की गई 6 फीट की सीमा के अंदर ही कारोबार करना होगा। कार्रवाई के दौरान नगर निगम के जोन-6 प्रभारी सेरान खान, सीओ राजन सिंह समेत निगम के अन्य कर्मी और पुलिस बल मौजूद रहे।






