हुसैनाबाद(पलामू)।
पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के कछरा मोड़ के पास मंगलवार शाम पुलिस ने एंटी-क्राइम वाहन चेकिंग अभियान के दौरान एक लोडेड देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को पकड़ा है, जिनमें एक बालिग और एक नाबालिग शामिल है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अवर निरीक्षक विमल कुमार, सहायक अवर निरीक्षक रामचंद्र सिंह एवं सशस्त्र बल के जवान मंगलवार शाम करीब सात बजे कछरा मोड़ के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान करीब 7:50 बजे छतरपुर की ओर से पैदल आ रहे दो संदिग्ध युवकों पर पुलिस की नजर पड़ी। पुलिस बल को देखते ही दोनों भागने लगे। जवानों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान निरुद्ध किशोर की जींस पैंट के बाएं कमर में खोसा हुआ लोहे का बना एक लोडेड देसी कट्टा बरामद किया गया। वहीं, अलीनगर निवासी रितेश कुमार पासवान की जींस की दाहिनी जेब से एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। हुसैनाबाद थाना में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दोनों के विरुद्ध अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






