पोर्टल आईडी-पासवर्ड के दुरुपयोग का मामला, शहर थाना में प्राथमिकी दर्ज; पुलिस जांच में जुटी
पलामू।
सदर अस्पताल मेदिनीनगर में डिजिटल हस्ताक्षर और पोर्टल की आईडी-पासवर्ड के कथित दुरुपयोग कर 33 जन्म प्रमाण पत्र तैयार करने और उनके वितरण का मामला सामने आया है। मामला सामने आने के बाद जांच कर सभी 33 जन्म प्रमाण पत्रों को रद्द कर दिया गया है। इस संबंध में सदर अस्पताल के उपाधीक्षक सह जन्म-मृत्यु रजिस्ट्रार विजय कुमार सिंह के आवेदन पर शहर थाना में कांड संख्या 351/2026, दिनांक 12 सितंबर 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 336(3), 337, 340, 318(4) और 300 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आवेदन में बताया गया है कि जन्म प्रमाण पत्र तैयार करने के लिए नियुक्त कंप्यूटर ऑपरेटर अमित कुमार से मामले को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया था। अपने लिखित जवाब में उसने बताया कि काम की अधिकता के कारण अस्पताल प्रबंधक सुनीत श्रीवास्तव के मौखिक निर्देश पर शिव नारायण साव को जन्म प्रमाण पत्र तैयार करने के कार्य में लगाया गया था।
आरोप है कि इसी दौरान शिव नारायण साव ने पोर्टल की आईडी और पासवर्ड का कथित रूप से गलत इस्तेमाल किया। इसके जरिए गलत डिस्चार्ज टिकट तैयार किए गए और 33 जन्म प्रमाण पत्र बनाए गए। बाद में इन प्रमाण पत्रों का संबंधित लाभार्थियों के बीच वितरण भी किए जाने की बात कही गई है।
कार्यालय स्तर पर शिव नारायण साव के कार्यकाल में तैयार किए गए अन्य जन्म प्रमाण पत्रों की भी जांच की जा रही है। आवेदन के अनुसार, प्रारंभिक जांच में 33 से अधिक प्रमाण पत्रों में भी गड़बड़ी की आशंका सामने आई है। पुलिस पूरे मामले में दस्तावेजों, पोर्टल रिकॉर्ड और संबंधित लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार ने बताया कि इस मामले में प्राथमिक की दर्ज कर ली गई है, तथा आगे की जांच की जा रही है






