पलामू।
जिले की नावाजयपुर थाना पुलिस ने एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर की दो मोटरसाइकिल रखकर धोखाधड़ी करने के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने चुरादोहर गांव में छापेमारी कर दो हीरो स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। दोनों मोटरसाइकिलों पर एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर (जेएच03 एम-4179) अंकित था। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि चोरी की बाइक बेचने का आरोपी फरार है।
पाटन अंचल के पुलिस निरीक्षक सुरेश कुमार मंडल ने रविवार को बताया कि 12 सितंबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चुरादोहर निवासी जितेंद्र सिंह (44) के घर में एक ही नंबर की दो मोटरसाइकिलें रखी हुई हैं। सूचना के सत्यापन के बाद उनके और नावाजयपुर थाना प्रभारी सतीश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने जितेंद्र सिंह के घर पर छापेमारी कर दोनों मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं।
25 हजार रुपये में खरीदी थी बाइक
पुलिस पूछताछ में जितेंद्र सिंह ने बताया कि बरामद दोनों बाइकों में एक उसकी अपनी है, जबकि दूसरी बाइक उसने अपने पड़ोसी उमेश सिंह के माध्यम से उसके रिश्तेदार सचिता महतो से 25 हजार रुपये में खरीदी थी। पुलिस के अनुसार, चोरी की बाइक की पहचान छिपाने के उद्देश्य से उस पर जितेंद्र की बाइक का नंबर प्लेट जेएच 03एम-4179 लगा दिया गया था। वहीं बाइक के चेसिस नंबर को भी खुरचकर मिटाने का प्रयास किया गया था।
इंजन नंबर से हुआ चोरी की बाइक का खुलासा
पुलिस ने इंजन नंबर की जांच की तो दूसरी मोटरसाइकिल का वास्तविक रजिस्ट्रेशन नंबर (जेएच 03 के -4395) पाया गया। जांच में यह बाइक तरहसी थाना क्षेत्र के लालगाड़ा निवासी उज्ज्वल कुमार गिरी के नाम से पंजीकृत मिली। उज्ज्वल कुमार गिरी ने पुलिस को बताया कि उनकी मोटरसाइकिल 17 जुलाई 2019 को डालटनगंज सदर अस्पताल के समीप से चोरी हो गई थी। इस संबंध में डालटनगंज शहर थाना में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी।
दो गिरफ्तार, एक आरोपी फरार
मामले में नावाजयपुर थाना में कांड संख्या 35/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जितेंद्र सिंह और उमेश सिंह (33) को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं चोरी की बाइक बेचने के आरोपी सचिता महतो (45 वर्ष), निवासी मटलोंगा, तरहसी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।






