पलामू। पलामू जिले में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सतबरवा थाना क्षेत्र में एनएच-39 पर वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक कार से 121 किलो गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई गई है। गांजा ओडिशा से हरिहरगंज ले जाया जा रहा था।
पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बुधवार शाम पांच बजे बताया कि मंगलवार रात गुप्त सूचना के आधार पर सतबरवा पुलिस ने एनएच-39 पर वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान सफेद रंग की एक कार को रोककर तलाशी ली गई। कार की डिक्की और आगे की सीट के नीचे छिपाकर रखे गए 117 पैकेटों में कुल 121 किलो गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से दो मोबाइल फोन और दो फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद किए हैं। मामले में सतबरवा थाना क्षेत्र के झाबर निवासी सनोज कुमार यादव उर्फ बाबू (25) और शंभू कुमार यादव (30) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार शंभू हरिहरगंज में सीएसपी संचालक है, जबकि सनोज ड्राइवरी का काम करता है।
इस संबंध में सतबरवा थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।






