पलामू। पलामू पुलिस के ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत तरहसी थाना क्षेत्र के तिरौंधा गांव में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक दुकान से 490 ग्राम गांजा बरामद किया है। मामले में पुलिस ने 19 वर्षीय युवक अंकित कुमार सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
एसडीपीओ कार्यालय लेस्लीगंज में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि 23 अगस्त 2026 की शाम करीब 4:30 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तिरौंधा निवासी अंकित कुमार सिंह, पिता दिलीप सिंह, अपनी दुकान में गांजा रखकर अवैध रूप से उसकी खरीद-बिक्री करता है।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ लेस्लीगंज के नेतृत्व में तरहसी थाना प्रभारी राजेश रंजन और पुलिस बल ने तिरौंधा स्थित दुकान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान दुकान से काले रंग की पॉलिथीन में छिपाकर रखा गया 490 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से ही आरोपी अंकित कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया। बरामद गांजा जब्त करने के बाद आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।






