मेदिनीनगर।
भारी बारिश और कोयल नदी का जलस्तर बढ़ने से घर में पानी घुसने के कारण पढ़ाई की सामग्री गंवा चुकी कक्षा 5 की छात्रा कृतिका कुमारी की पढ़ाई अब नहीं रुकेगी। जन समाधान कार्यक्रम में अपनी समस्या लेकर पहुंची कृतिका ने उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत से पढ़ाई के लिए किताबें उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था।
बच्ची की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने तत्काल जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। निर्देश के बाद गुरुवार को उपायुक्त ने अपने कार्यालय कक्ष में कृतिका को स्वयं किताबें उपलब्ध कराईं।
किताबें मिलने के बाद कृतिका के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। कृतिका का सपना जवाहर नवोदय विद्यालय में दाखिला लेकर आगे की पढ़ाई जारी रखना है। नई किताबें मिलने से उसके इस सपने को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। उपायुक्त की इस पहल से छात्रा और उसके परिवार में खुशी का माहौल है। कृतिका ने किताबें मिलने पर प्रसन्नता जताई और आगे मन लगाकर पढ़ाई करने की बात कही।






