उंटारी रोड थाना क्षेत्र के लकड़ही टोला की घटना, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
उंटारी रोड (पलामू)।
उंटारी रोड थाना क्षेत्र के लकड़ही टोला में बुधवार देर रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई। अंधविश्वास के शक में चाचा ने अपने ही सगे भतीजे की टांगी से हमला कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान चनका रजवार (पिता- नंदु रजवार) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी प्रभु रजवार की बेटी लंबे समय से बीमार रहती थी। इसी को लेकर उसे संदेह था कि उसके सगे भतीजे की पत्नी डायना जादू-टोना करती है। इसी शक में प्रभु रजवार टांगी लेकर पहुंचा और हमला कर दिया। हमले में चनका रजवार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मृतक की पत्नी डायना किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रही।
घटना की सूचना मिलते ही उंटारी रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एमएमसीएच), मेदिनीनगर भेज दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
उंटारी रोड थाना प्रभारी संतोष गिरी ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रभु रजवार को गिरफ्तार कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।






