पिपराटांड (पलामू)।
जिले की पिपराटांड़ पुलिस ने अवैध हथियार और मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक लोडेड देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक किलो गांजा, 17,600 रुपये नकद तथा दो बाइक बरामद की हैं। मामले की जानकारी एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने प्रेस वार्ता में दी। जिले के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने रविवार शाम 5 बजे कार्रवाई की पुष्टि की।
पहली कार्रवाई बहेरा बाजार में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक पल्सर बाइक की डिक्की में अवैध हथियार रखा गया है। सूचना के आधार पर जांच के दौरान बाइक संख्या JH19C 9296 की तलाशी ली गई, जिसमें से एक लोडेड देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इस मामले में पुलिस ने नौडीहा (पिपराटांड़) निवासी गुड्डू साईं और कयूम साईं को गिरफ्तार किया।
दूसरी कार्रवाई टुनुदाग गांव के पास की गई। पुलिस ने बाइक संख्या JH02 AQ 1409 पर सवार देवेंद्र सिंह उर्फ टुनु सिंह और चंदन सिंह को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से एक किलो गांजा और 17,600 रुपये नकद बरामद किए गए।
दोनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा कि जिले में अवैध हथियारों और मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।






