हैदरनगर (पलामू)। पलामू जिले के हैदरनगर-जपला मुख्य सड़क पर बहेरा-बिंदुबिघा मोड़ के समीप बुधवार को नीलगाय के अचानक सड़क पर आ जाने से दो ऑटो दुर्घटनाग्रस्त हो गए। हादसे में दोनों ऑटो चालकों समेत कुल छह लोग घायल हो गए, जबकि एक गंभीर घायल को बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर रेफर किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक ऑटो अपने मार्ग से गुजर रहा था, तभी अचानक एक नीलगाय सड़क पर आ गई। उसे बचाने के प्रयास में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ऑटो सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा।
इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही दूसरी ऑटो भी हादसे की चपेट में आ गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर रेफर कर दिया गया।
घायलों में मोहम्मदगंज निवासी मनीष कुमार (26 वर्ष), बलडीहरी निवासी समीदा बीबी (65 वर्ष), अनुज भुइयां (35 वर्ष), हसमुख शाह (22 वर्ष), समीर शाह (18 वर्ष) तथा असगर शाह (26 वर्ष) शामिल हैं।
सूचना मिलते ही हैदरनगर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। वहीं हादसे में घायल नीलगाय का पैर टूट गया है। उसे उपचार के लिए पशुपालन विभाग के सुपुर्द किए जाने की बात कही जा रही है।






