होम  झारखंड पलामू प्रमंडल शिक्षा धर्म जीवन शैली स्वास्थ्य

शटडाउन के बावजूद 11 हजार वोल्ट लाइन की चपेट में आया बिजली मिस्त्री, पोल पर ही दर्दनाक मौत; जांच शुरू

On: July 18, 2026 11:00 PM
Follow Us:

तरहसी (पलामू)।
पलामू जिले के तरहसी प्रखंड के सेलारी गांव स्थित सुखरो टोला में शनिवार देर शाम बिजली फॉल्ट ठीक करने के दौरान एक अनुबंधित बिजली मिस्त्री की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। हैरानी की बात यह है कि शटडाउन लेने के बाद भी मिस्त्री 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान तरहसी थाना क्षेत्र के परसावा गांव निवासी सत्येन्द्र महतो (35), पिता रामलगन महतो के रूप में हुई है। वह पिछले सात-आठ वर्षों से विद्युत विभाग में अनुबंध पर कार्यरत थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। रविवार को मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, सुखरो टोला में पिछले एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति बाधित थी। फॉल्ट ठीक करने के लिए सत्येन्द्र महतो अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शटडाउन लेने के बाद वे बिजली पोल पर चढ़कर ट्रांसफार्मर के फॉल्ट की मरम्मत कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उन्हें 11 हजार वोल्ट का तेज करंट लगा और वे पोल पर ही चिपक गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद साथ गए अन्य कर्मियों के मौके से चले जाने का आरोप लगाया गया है। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और शव उतारने पहुंचे विभागीय कर्मियों को रोक दिया। परिजनों ने सहायक अभियंता या वरिष्ठ अधिकारी के मौके पर आने, सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की। इस कारण लगभग चार घंटे तक शव पोल पर ही रहा।

सूचना पर तरहसी थाना पुलिस, जूनियर इंजीनियर, तरहसी के अंचल अधिकारी हरिश्चन्द्र मुंडा तथा आजाद समाज पार्टी के नेता मुमताज खां मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। काफी समझाने-बुझाने के बाद सहमति बनी, जिसके बाद रात करीब 11 बजे शव को पोल से नीचे उतारा गया। मौके पर जूनियर इंजीनियर ने विभागीय प्रावधान के तहत मृतक के परिजनों को पांच लाख रुपये मुआवजा तथा 10 हजार रुपये अंतिम संस्कार सहायता देने की घोषणा की। साथ ही अन्य सरकारी लाभ दिलाने का भी आश्वासन दिया।

वहीं, सहायक अभियंता विकास कुमार ने बताया कि शटडाउन लेने के बावजूद बिजली मिस्त्री को करंट कैसे लगा, इसकी विस्तृत जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतक के परिजनों को नौकरी देने के संबंध में भी विभागीय स्तर पर विचार किया जाएगा।

ipnnews14@gmail.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment