मेदिनीनगर (पलामू)।
पलामू जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत पोखराहा स्थित मेडिकल कॉलेज से कुछ दूरी पर एक घर में पुलिस ने छापेमारी कर अवैध शराब निर्माण से जुड़े बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने मौके से विभिन्न ब्रांडेड शराब के स्टीकर, झारखंड सरकार का लोगो, बड़ी संख्या में शराब की बोतलों के ढक्कन तथा संदिग्ध लिक्विड बरामद किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त घर में डुप्लीकेट शराब तैयार कर विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई की जा रही है। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। तलाशी के दौरान एक कमरे से झारखंड सरकार के लोगो के चार बंडल (करीब 1000 पीस), विभिन्न ब्रांडेड शराबों के 4 से 6 बंडल स्टीकर, जिनमें रॉयल स्टैग, एमसी डॉवेल्स, आइकॉनिक व्हाइट सहित अन्य ब्रांड शामिल हैं, तथा 10 से 12 बोरी विभिन्न ब्रांडेड शराब की बोतलों के ढक्कन बरामद किए गए।
इसके अलावा पुलिस ने 750 एमएल क्षमता वाली 6 से 7 बोतलों में भरे लिक्विड को भी जब्त किया है, जिसकी जांच कराई जा रही है।
सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेश यादव ने बताया कि बरामद सामग्री का उपयोग डुप्लीकेट शराब तैयार करने में किया जा सकता है। मामले की गहन जांच की जा रही है और इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि नकली शराब का नेटवर्क किन-किन क्षेत्रों तक फैला हुआ है।
मेदिनीनगर में अवैध शराब निर्माण का भंडाफोड़, भारी मात्रा में स्टीकर, लोगो और ढक्कन बरामद






