मेदिनीनगर।
राज्य स्तरीय दिशा समिति (झारखंड), ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के सदस्य देवेश तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान देश ने विकास, सुशासन, सामाजिक न्याय, राष्ट्रीय सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से 2026 तक का कालखंड भारत के विकास का स्वर्णिम अध्याय साबित हुआ है और देश आज सशक्त, समृद्ध एवं सुरक्षित भारत के निर्माण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए, जबकि डिजिटल इंडिया और यूपीआई क्रांति ने भारत को विश्व का अग्रणी डिजिटल भुगतान राष्ट्र बना दिया। आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं ने करोड़ों गरीब, किसानों और महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
देवेश तिवारी ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया, स्किल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत अभियान के माध्यम से रोजगार एवं उद्यमिता को नई गति मिली है। वहीं अनुच्छेद-370 की समाप्ति, तीन तलाक पर रोक, नारी शक्ति वंदन अधिनियम, अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तथा आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई जैसी पहलें ऐतिहासिक उपलब्धियां हैं। उन्होंने कहा कि 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद के पूर्ण उन्मूलन और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास की दिशा में भी उल्लेखनीय कार्य हुए हैं।
झारखंड में केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देवघर एम्स, देवघर हवाई अड्डा, राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार, रेलवे आधुनिकीकरण, जल जीवन मिशन तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से राज्य को विशेष लाभ मिला है। जनजातीय समाज के उत्थान के लिए पीएम-जनमन, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, एकलव्य विद्यालयों का विस्तार, जनजातीय गौरव दिवस और वन धन विकास केंद्र जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति (GYAN) को केंद्र में रखकर संचालित योजनाओं ने देश और झारखंड के विकास को नई दिशा दी है तथा राज्य निरंतर प्रगति की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है।






