मेदिनीनगर/पलामू।
झारखंड सरकार की विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार परिषद (JSTIC) द्वारा संचालित ग्रास रूट इनोवेशन इंटर्नशिप योजना (JGIIS) के तहत मंगलवार को टीम-वन की छात्राओं ने जोड़ पंचायत का भ्रमण कर जमीनी स्तर के नवाचारों एवं पारंपरिक ज्ञान प्रणालियों का अध्ययन किया। यह कार्यक्रम मेंटर डॉ. सुप्रिया सोनालिका के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
भ्रमण के दौरान छात्राओं ने जोड़ पंचायत के अंतर्गत आने वाले जोड़ एवं खंडवा गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से मुलाकात की और विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारंपरिक जानकारियों का संकलन किया। इस दौरान पंचायत की मुखिया प्रभा देवी सहित अजय कुमार तिवारी, सूर्यदेव पांडे, कामाख्या पांडे, कमलेश तिवारी, विमला देवी, मनीष एवं अन्य ग्रामीणों से बातचीत कर जमीनी स्तर पर मौजूद नवाचारों और स्थानीय ज्ञान प्रणालियों का दस्तावेजीकरण किया गया।
डॉ. सुप्रिया सोनालिका ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य छात्रों एवं युवा शोधार्थियों को झारखंड में प्रचलित जमीनी नवाचारों तथा पारंपरिक ज्ञान प्रणालियों की पहचान कर उन्हें संकलित करने के लिए प्रोत्साहित करना है। इससे सामाजिक चुनौतियों और स्थानीय समस्याओं की पहचान कर उन्हें सरकार के संज्ञान में लाया जा सकेगा। साथ ही स्वदेशी ज्ञान के संरक्षण एवं समावेशी नवाचारों को बढ़ावा देने में भी सहायता मिलेगी।
उन्होंने बताया कि दो माह तक छात्राएं अपने चयनित पंचायतों में जाकर लोगों से मिलेंगी तथा वहां की संस्कृति, सभ्यता, इतिहास, पारंपरिक ज्ञान एवं स्थानीय नवाचारों से जुड़ी जानकारियां एकत्र कर सरकार को विस्तृत रिपोर्ट सौंपेंगी। ग्रामीणों ने बताया कि जोड़ पंचायत में कुल नौ वार्ड हैं, जिनमें पांच जोड़ गांव तथा चार खंडवा गांव में स्थित हैं। उन्होंने पंचायत में अब तक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नहीं होने की समस्या भी उठाई, जिसे चिंता का विषय बताया गया।
टीम-वन की लीडर कल्पना तिवारी के साथ काजल कुमारी, राखी एवं संध्या ने निर्धारित प्रारूप के अनुसार ग्रामीणों से तथ्य संकलित किए। छात्राओं ने प्रखंड कार्यालय पहुंचकर अंचल पदाधिकारी (सीओ) से भी मुलाकात की तथा आवश्यक प्रशासनिक जानकारियां प्राप्त कीं। इस दौरान प्रखंड के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें हरसंभव सहयोग प्रदान किया। ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए छात्राओं को जानकारी उपलब्ध कराने में उत्साहपूर्वक सहयोग किया।






