होम  झारखंड पलामू प्रमंडल शिक्षा धर्म जीवन शैली स्वास्थ्य

मेदिनीनगर सब्जी मार्केट में दुकान व मकान में आग, अविनाश ने तीन लोगों पर जताया संदेह

On: June 19, 2026 8:39 AM
Follow Us:

मेदिनीनगर (पलामू)।
पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के सब्जी मार्केट स्थित लादीगढ़ कॉम्प्लेक्स के पास आपसी विवाद के बीच दुकान और मकान में आग लगने का मामला सामने आया है। घटना शुक्रवार अहले सुबह की बताई जा रही है। आग से प्रभावित दुकान और मकान अविनाश प्रकाश विश्वकर्मा का बताया गया है। घटना की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आसपास की दुकानों को जलने से बचा लिया गया।

अविनाश प्रकाश विश्वकर्मा ने शहर थाना पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए दुकान के बाहर सब्जी बेचने वाले पहाड़ी मुहल्ला निवासी अफसाना खातून, सोनी बीवी और लड्डू राईन पर आग लगाने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

अविनाश के अनुसार आग लगने से उनकी करीब 50 हजार रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। उन्होंने बताया कि उनके घर और दुकान के सामने टोकरी लगाकर सब्जी बेचने वाले तीन लोगों से रास्ता अतिक्रमण को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। उनका आरोप है कि संबंधित लोगों द्वारा उन्हें कई बार जान से मारने और दुकान में आग लगाने की धमकी दी गई थी। इसी कारण उन्हें आशंका है कि आगजनी की घटना में उन्हीं लोगों की भूमिका हो सकती है।

उन्होंने बताया कि रास्ता अतिक्रमण की शिकायत को लेकर वर्ष 2023 में जनता दरबार में आवेदन दिया गया था, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई कर कुछ दिनों के लिए रास्ता खाली कराया था। बाद में फिर से अतिक्रमण शुरू हो गया। इसके बाद 1 अगस्त 2025 को दंडाधिकारी की मौजूदगी में पुलिस ने दोबारा रास्ता खाली कराया, लेकिन कुछ समय बाद स्थिति फिर पूर्ववत हो गई।

अविनाश ने बताया कि अप्रैल 2026 में उन्होंने इस संबंध में पलामू एसपी को भी आवेदन देकर शिकायत की थी। शिकायत के बाद संबंधित लोगों को थाना बुलाया गया था, लेकिन उनके अनुसार कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि समय रहते कार्रवाई की जाती तो आरोपितों का मनोबल नहीं बढ़ता और ऐसी घटना नहीं होती। वहीं, शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार ने शाम पांच बजे बताया कि मामले में अब तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

ipnnews14@gmail.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment