मेदिनीनगर/चैनपुर।
चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर शनिवार सुबह करीब 11 बजे दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि जमकर लाठी-डंडे चले, पत्थरबाजी हुई और गोली भी चलाई गई। इस पूरे घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों का इलाज मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) में चल रहा है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार रामपुर गांव में करीब 95 डिसमिल जमीन के बड़े हिस्से को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। एक पक्ष के मंटू सिंह समेत अन्य लोग उक्त जमीन को अपनी बताकर बेचने की तैयारी में थे, जबकि दूसरे पक्ष के सकेन्द्र चौधरी एवं अन्य लोग उसे सरकारी जमीन बताते हुए वर्षों से दखल-कब्जे में होने का दावा कर रहे थे।
अस्पताल में घायल पक्ष के लोगों ने बताया कि गांव की एक विधवा महिला ने विवादित जमीन पर मकान बनाया था। शनिवार सुबह कुछ लोग वहां पहुंचे और मकान को तोड़ दिया। इसकी जानकारी मिलने पर दूसरे पक्ष के लोग मौके पर जमा हो गए। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि मकान तोड़ने में शामिल लोग बड़ी संख्या में पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान कई राउंड फायरिंग की गई, जिसमें चार लोगों को गोली लग गई। वहीं लाठी-डंडे और पत्थरबाजी में भी कई लोग घायल हुए।
जिसके बाद घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए एमएमसीएच लाया गया, जहां प्रारंभिक जांच में चिकित्सकों ने सकेन्द्र चौधरी (30 वर्ष), पिता मधु चौधरी, को मृत घोषित कर दिया। घायल यशवंत कुमार उम्र 16 पिता उदय चौधरी , मधु चौधरी उम्र 74 पिता भीखम चौधरी , संजय चौधरी पिता प्यारी चौधरी, संकेद्र चौधरी पिता ईश्वर चौधरी तथा उदय चौधरी का इलाज चल रहा है।
इधर घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना प्रभारी लालजी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। गोली चलाने वाले आरोपी घटना के बाद से फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।






