गढ़वा/मेदिनीनगर।
बेटी की शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब बारात के दिन पिता गर्म तेल से भरी कड़ाही में गिरकर गंभीर रूप से झुलस गए। घटना गढ़वा जिले के धुरकी थाना क्षेत्र के सगमा गांव में बुधवार रात की है। गुरुवार सुबह घायल को बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) मेदिनीनगर में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घायल की पहचान 42 वर्षीय ललित उरांव के रूप में हुई है। बताया गया कि बुधवार रात उनकी बेटी आशा कुमारी की शादी थी और बारात घर पहुंच चुकी थी। ललित उरांव शादी की तैयारियों और मेहमानों की व्यवस्था में लगातार जुटे हुए थे। इसी दौरान अचानक उन्हें चक्कर आया और वह कचौड़ी बनाने के लिए रखी गर्म तेल की कड़ाही में गिर पड़े। हादसे में उनके चेहरे समेत शरीर का हिस्सा बुरी तरह झुलस गया। किसी तरह उसी दुख के माहौल में शादी संपन्न कराई गई।
परिजनों ने पहले स्थानीय स्तर पर इलाज कराया, लेकिन हालत गंभीर होने पर गुरुवार सुबह उनके पुत्र और पत्नी उन्हें लेकर एमएमसीएच मेदिनीनगर पहुंचे, जहां बर्न वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
घायल के बेटे ने बताया कि शादी की व्यस्तता के कारण उनके पिता पिछले तीन-चार दिनों से ठीक से भोजन नहीं कर पा रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि कमजोरी और थकान की वजह से उन्हें चक्कर आया और यह हादसा हो गया।






