मेदिनीनगर।
जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित हुई। बैठक में अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ चल रही कार्रवाई की समीक्षा की गई।
जिला खनन पदाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि अप्रैल माह में खनन विभाग द्वारा अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त 47 वाहनों को जब्त किया गया तथा 32 लाख 48 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। साथ ही तीन प्राथमिकी भी दर्ज की गई हैं। उन्होंने बताया कि जिले के 22 ईंट भट्ठों की जांच की गई, जिसमें सभी को नोटिस जारी किया गया है। वहीं जिला परिवहन विभाग ने 65 वाहनों को जब्त कर 9 लाख 62 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। विभिन्न अंचलों द्वारा की गई कार्रवाई में 40 वाहन जब्त किए गए, जिनमें सबसे अधिक सात वाहन हुसैनाबाद अंचल से जब्त हुए।
बैठक में उपायुक्त ने अवैध खनन और परिवहन के विरुद्ध सघन छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश देते हुए कहा कि खनन से जुड़ी सभी गतिविधियां निर्धारित नियमों के अनुरूप संचालित हों, अन्यथा संबंधित लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस, परिवहन एवं खनन विभाग को संयुक्त रूप से अभियान चलाने, चेकपोस्टों पर सघन जांच करने और खनन स्थलों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि अवैध खनन की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए तथा वन विभाग, पुलिस और अंचल प्रशासन आपसी समन्वय के साथ निगरानी करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जहां से लगातार अवैध परिवहन की शिकायतें मिल रही हैं, वहां आवश्यकता पड़ने पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। वहीं पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने सभी थाना प्रभारियों से कहा कि किसी क्षेत्र में वाहन जब्त नहीं होना संबंधित थाना प्रभारी की निष्क्रियता को दर्शाता है। बैठक में उपायुक्त ने खनन जुर्माना से जुड़े नए नियमों की जानकारी सभी सीओ एवं थाना प्रभारियों को देने की बात कही।
बैठक में अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, एसडीओ, विभिन्न अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
अवैध खनन पर जिला प्रशासन सख्त: अप्रैल में 50 से अधिक वाहन जब्त, लाखों का जुर्माना






