पलामू।
छत्तरपुर थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। यह हादसा बोलेरो और मोटरसाइकिल की टक्कर में हुआ। मृतकों की पहचान सदर थाना क्षेत्र के सुआ कौड़ियां गांव निवासी मनोहर बैगा के 22 वर्षीय पुत्र किशन कुमार तथा गढ़वा जिले के डंडई थाना क्षेत्र के बौलिया निवासी रमेश परहिया के 29 वर्षीय पुत्र अनुज कुमार के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी छत्तरपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रशांत सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच भेजा गया। जहां प्रारंभिक जांच के दौरान चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि मंगलवार की शाम दोनों युवक मोटरसाइकिल से डंडई के बौलिया गांव से छत्तरपुर थाना क्षेत्र के लढ़या गांव में रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने गए थे। शादी से लौटने के दौरान बुधवार की सुबह छत्तरपुर के मदनपुर गांव के पास एक बोलेरो ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
छत्तरपुर थाना प्रभारी प्रशांत सिन्हा ने बताया कि घटना सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच हुई है। दुर्घटना में शामिल बोलेरो को पुलिस ने जब्त कर लिया है तथा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। इधर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बोलेरो ने बाइक को मारी टक्कर, शादी से लौट रहे दो युवकों की सड़क हादसे में मौत






