पलामू।
पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के नेतृत्व में जिले में अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है। पुलिस ने चैनपुर, सदर , लेस्लीगंज तथा पिपराटांड़ थाना अंतर्गत हुए अलग-अलग चार मामलों का उद्भेदन करते हुए एक पारा शिक्षक सहित छह अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
सदर थाना पुलिस टीम ने 3 मई को सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुआ गांव में लातेहार जिला बल के जवान पवन सिंह को गोली मारने के मामले में आरोपी चांदो चौनपुर निवासी ऋषभ सिंह को रिमांड पर लेकर पूछताछ की और उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल 7.65 एमएम का देशी पिस्टल, मैगजीन और बुलेट मोटरसाइकिल बरामद करते हुए उसे जेल भेज दिया है।
दूसरी घटना पिपराटांड थाना क्षेत्र अंतर्गत करमा गांव में 29 अप्रैल को हुए राजमनी पाठक हत्याकांड का भी पुलिस ने खुलासा करते हुए लुकूवा गांव के आरोपी बिरेन्द्र कुमार सिंह उर्फ गुड्डु सिंह को गिरफ्तार किया। उसके पास से हत्या में प्रयुक्त लोहे की कुल्हाड़ी और थैला बरामद हुआ।
जबकि लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में महिला से मंगलसूत्र, कानबाली और नकदी लूट मामले में पुलिस ने तीन आरोपी असतफाक आलम, मो. इरफान उर्फ सोनू और नाजिल आलम गिरफ्तार किए गए। साथ ही इनके पास से लूटे गये सामान, बाइक और मोबाइल भी लेस्लीगंज पुलिस ने बरामद किए।
इसके अलावा चौनपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को 5 रुपये के विवाद में दुकानदार पर फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी सैफ खलीफा को भी पुलिस ने हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
सभी मामलों में संबंधित क्षेत्र के एसडीपीओ के नेतृत्व में थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिसकर्मियो ने त्वरित कार्रवाई की एवं कांडों का उदभेदन किया। पुलिस अधीक्षक ने घटना के कुछ दिन में ही वारदात का उदभेदन करने पर पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत करने की बात कही।






