पलामू।
जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पहाड़ गेरूआ गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में पुराने जर्जर मकान की कच्ची दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मृतकों की पहचान मकान मालिक प्रदीप उर्फ गटौरी बैठा के 20 वर्षीय पुत्र सतीश बैठा तथा गांव के ही 60 वर्षीय मजदूर दुखी भुइयां के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार प्रदीप उर्फ गटौरी बैठा के पुराने घर की मरम्मत का कार्य चल रहा था। मकान की जर्जर स्थिति को देखते हुए उसकी मरम्मत के लिए तीन-चार मजदूर लगाए गए थे। घर की खपड़ा छत हटाई जा चुकी थी। लगातार हुई बारिश के कारण मिट्टी की दीवार काफी कमजोर हो गई थी। सतीश भी मजदूरों के साथ मिलकर मरम्मत कार्य में हाथ बंटा रहा था।
बताया जाता है कि शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे काम के दौरान सतीश बैठा और मजदूर दुखी भुइयां दीवार के पास बैठकर पानी पी रहे थे। इसी दौरान अचानक कच्ची दीवार भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। दोनों मलबे के नीचे दब गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद अन्य मजदूरों और परिजनों ने तत्काल मिट्टी हटाकर दोनों को बाहर निकाला। तब तक मजदूर दुखी भुइयां की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि सतीश की सांस चल रही थी। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए एमएमसीएच मेदिनीनगर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि परिजन सतीश की डेड बॉडी का पोस्टमार्टम कराए बिना ही घर वापस ले गए। घटना की सूचना मिलने पर विश्रामपुर थाना प्रभारी ऋषिकेश दुबे मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है।






