मेदिनीनगर।
हेमंत सोरेन ने पलामू जिले के रजवाडीह पंचायत अंतर्गत बड़कागांव में पिछले कई दिनों से ठप पड़ी बिजली आपूर्ति मामले पर त्वरित संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने झामुमो नेता Sunny Shukla द्वारा सोशल मीडिया पर उठाए गए मुद्दे के बाद पलामू उपायुक्त को अविलंब बिजली बहाल करने का निर्देश दिया है।
मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी जिलों के उपायुक्तों को भी निर्देशित करते हुए कहा कि जनता से जुड़ी ऐसी समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में कहीं से भी इस प्रकार की शिकायत सुनने को न मिले।
जानकारी के अनुसार रजवाडीह पंचायत के बड़कागांव में पिछले 20 से 22 दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित थी। भीषण गर्मी के बीच लगभग 150 परिवार अंधेरे और पेयजल जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रहे थे। ग्रामीणों ने कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका।
इसके बाद झामुमो नेता सन्नी शुक्ला ने इस मुद्दे को सोशल मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री तक पहुंचाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए।
मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद गांव में जल्द बिजली आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने आम जनता की समस्या को गंभीरता से सुना और त्वरित कार्रवाई कर संवेदनशील सरकार होने का परिचय दिया है।






