मेदिनीनगर।
शहर थाना क्षेत्र अंतर्गत प्राइवेट बस स्टैंड स्थित राजा साहेब बस ऑफिस तथा नगरपालिका मार्केट के पास देर रात करीब 10:45 बजे एक बड़ी आपराधिक घटना सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीन अज्ञात अपराधियों ने ऑफिस की छत के रास्ते अंदर घुसकर एक व्यक्ति पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान गुडू खलीफा उर्फ मो. समीर खलीफा, निवासी कुंड मोहल्ला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान अपराधियों ने 3 से 4 राउंड गोलियां चलाईं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मृतक समीर शहर कई छः मुहान के पास बैग बेचने का काम करता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पूरी घटना को बेहद तेजी से अंजाम दी गई। गोलीबारी की आवाज सुनते ही स्थानीय लोग सहम गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एमएमसीएच में भेजा जहां प्रारंभिक जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिले ही आसपास के लोग तथा परिजन सैकड़ों की संख्या अस्पताल में पहुंचे।
पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार ने बताया की फैज खान समेत तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुआ है उन्होंने आगे बताया की मृतक पूर्व जेएमएम नेता लड्डू खान का मित्र था और लड्डू खान हत्याकांड में गवाह भी था। मृतक का कोई अपराधिक इतिहास था या नहीं यह स्पष्ट नहीं है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।






