मेदिनीनगर (पलामू)।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय प्रशासन से 27 मार्च को प्रस्तावित बीएड परीक्षा को स्थगित करने की मांग की है। इस संबंध में परिषद द्वारा एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर छात्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया है।
अभाविप के विभाग संयोजक रामाशंकर पसवान ने कहा कि 27 मार्च को प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी के अवसर पर पूरे प्रदेश में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर जुलूस एवं आयोजन होने के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित रहने की संभावना है। ऐसे में दूर-दराज से परीक्षा देने आने वाले विद्यार्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन के निर्णय को छात्रों के हित के विरुद्ध बताते हुए कहा कि ऐसी परिस्थिति में परीक्षा आयोजित करना उचित नहीं है। अभाविप ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए परीक्षा को स्थगित करने की मांग की है।
मेदिनीनगर के नगर मंत्री किसलय दुबे ने राज्य सरकार एवं विश्वविद्यालय प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बीएड परीक्षा को अविलंब स्थगित कर नई तिथि घोषित की जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि इस विषय में जल्द कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो अभाविप आंदोलन करने को बाध्य होगी।
इस मौके पर नगर सह मंत्री अमन पांडेय, सचिन उपाध्याय, गगन सिंह, नगर कार्यालय मंत्री अभय पांडेय, नगर कला मंच प्रमुख सूरज उपाध्याय, नगर सोशल मीडिया प्रमुख सुधांशु मिश्रा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






