होम  झारखंड पलामू प्रमंडल शिक्षा धर्म जीवन शैली स्वास्थ्य

रामनवमी को लेकर शहर में फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

On: March 23, 2026 7:46 AM
Follow Us:

मेदिनीनगर।
आगामी रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शहर थाना के नेतृत्व में शहरी क्षेत्र में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। यह फ्लैग मार्च सदर अनुमंडल अधिकारी सुलोचना मीणा की अध्यक्षता में आयोजित किया गया, जिसमें प्रशासन और पुलिस की सक्रिय उपस्थिति देखने को मिली।

फ्लैग मार्च की शुरुआत शहर थाना परिसर से हुई, जो हॉस्पिटल चौक, कनीराम चौक, लालकोठा, तेलीपट्टी, मुस्लिमनगर, सिवाल रोड, नवाटोली, कुजरापाती, बेलवाटीकर और सादिक चौक होते हुए पुनः थाना परिसर में समाप्त हुआ। इस दौरान पुलिस बल ने पूरे क्षेत्र में गश्त कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।

इस मार्च में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजीव रंजन, शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार, तीनों टीओपी प्रभारी सहित सैकड़ों की संख्या में पुलिस जवान शामिल थे। पुलिस अधिकारियों ने संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों का विशेष रूप से निरीक्षण किया तथा आम लोगों से संवाद स्थापित कर किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचने की सलाह दी।

सदर अनुमंडल अधिकारी सुलोचना मीणा ने कहा कि रामनवमी जैसे महत्वपूर्ण पर्व के दौरान प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। वहीं एसडीपीओ राजीव रंजन ने बताया कि पर्व के दौरान शहर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा सभी प्रमुख स्थानों पर निगरानी बढ़ाई जाएगी।

इस फ्लैग मार्च के माध्यम से प्रशासन ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और सभी नागरिक सुरक्षित माहौल में पर्व मना सकें, इसके लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।

ipnnews14@gmail.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment