मेदिनीनगर।
शहर थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे स्टेशन के समीप पुलिस ने अफीम तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। इस दौरान पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से कुल 1.263 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद किया है।पुलिस को बीते गुरुवार रात्रि करीब 11:30 बजे सूचना मिली कि कुछ लोग रेलवे स्टेशन के आसपास मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार, टीओपी-2 प्रभारी सहायक अवर निरीक्षक राकेश कुमार, अवर निरीक्षक प्रदीप शर्मा, चंद्रशेखर यादव संबंधित स्थल पर पहुंचे।
टीम ने रेलवे स्टेशन के पास गांधी मैदान के बाहर सड़क किनारे स्थित यात्री शेड के समीप छापेमारी की।छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास से बड़ी मात्रा में अफीम बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश कुमार रजक (32 वर्ष) एवं सत्यदेव यादव (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र अंतर्गत रिमी रामपुर गांव के निवासी हैं।पुलिस के अनुसार, मुकेश कुमार रजक के पास से 470 ग्राम अफीम और एक रेडमी मोबाइल फोन बरामद किया गया, जबकि सत्यदेव यादव के पास से 793 ग्राम अफीम और एक रियलमी मोबाइल फोन मिला। इस प्रकार कुल 1 किलो 263 ग्राम अफीम जब्त की गई।
दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके विरुद्ध शहर थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में आगे की जांच जारी है और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।इस छापामारी दल में राजीव रंजन, पुलिस उपाधीक्षक सदर अनुमंडल, ज्योति लाल रजवार, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी शहर थाना, स०अ०नि० राकेश कुमार, टी०ओ०पी०-2 प्रभारीपु०अ०नि० प्रदीप शर्मा, शहर थाना, पु०अ०नि० चंद्रशेखर यादव, शहर थाना, आ0 राकेश कुमार सिंह, सूर्यनाथ सिंह, स०आ० प्रफुल कु० सिंह थे।






