मेदिनीनगर/पलामू।
जिले के नावाजयपुर थाना क्षेत्र के कतरी गांव में युवक की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में यह सामने आया कि पत्नी ने ही पहले पति को जहर खिलाया और बाद में ओढ़नी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार, 15 मार्च को दोपहर करीब 2:30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि कतरी गांव निवासी पंकज कुमार यादव (24), पिता सत्येंद्र यादव की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई है। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम गठित कर मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
घटनास्थल पर पुलिस ने पाया कि एक कमरे में युवक का शव पड़ा हुआ था, जबकि उसकी पत्नी पिंकी कुमारी उर्फ मधु (22) भी वहीं मौजूद थी। ग्रामीणों ने बताया कि घटना के समय पति-पत्नी दोनों कमरे के अंदर थे और दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा खुलवाने पर युवक का शव मिला।
जांच के दौरान पुलिस को शव के पास एक कपड़े में उल्टी के निशान और एक ओढ़नी पर खून जैसे दाग मिले, जिससे मामला संदिग्ध हो गया। इसके बाद पुलिस ने पत्नी से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने पति को पसंद नहीं करती थी। इसी कारण उसने खाने में सल्फास की गोली मिलाकर उसे खिला दिया। जब पति की हालत बिगड़ने लगी और वह उल्टी करने लगा, तभी उसने मौका देखकर ओढ़नी से उसका गला घोंट दिया।
पुलिस के अनुसार, पिंकी कुमारी की शादी वर्ष 2024 में पंकज कुमार यादव से हुई थी। वह अक्सर अपने मायके में ही रहती थी। दोनों का एक वर्षीय पुत्र भी है, जिसका हाल ही में मायके में जन्मदिन मनाया गया था। इस दौरान पति के साथ मारपीट की घटना की भी जानकारी सामने आई है।
मृतक के पिता सत्येंद्र यादव के आवेदन पर नावाजयपुर थाना में कांड संख्या 15/2026 (दिनांक 16 मार्च) के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। अनुसंधान के क्रम में जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने घटनास्थल से खून के दाग लगी ओढ़नी, उल्टी लगे कपड़े और आरोपी का वीवो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया है। मामले में अन्य संभावित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस कार्रवाई में प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक राजेश यादव, पाटन अंचल पुलिस निरीक्षक सुरेश कुमार मंडल, नावाजयपुर थाना प्रभारी सतीश कुमार गुप्ता, सहायक अवर निरीक्षक बिरेन्द्र कुमार मेहता, सशस्त्र बल के जवान तथा महिला चौकीदार सविता कुमारी शामिल थे।






