मेदिनीनगर। झारखंड क्रांति मंच के तत्वावधान में सोमवार को पवन हत्याकांड में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग को लेकर पलामू समाहरणालय में डीसी व एसपी कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया।
धरना-प्रदर्शन में मंच के अध्यक्ष शत्रुघन कुमार शत्रु के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी और ग्रामीण बैनर-पोस्टर के साथ शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने एकजुट होकर पवन हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग प्रशासन से की।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि 21 फरवरी को पड़वा प्रखंड के कोकरसा गांव निवासी 26 वर्षीय पवन कुमार (पिता- मनोज राम) की प्रेम प्रसंग के मामले में तेलियाही गांव में लड़की के परिजनों द्वारा कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। घटना के 22 दिन बीत जाने के बाद भी अब तक केवल तीन आरोपियों की ही गिरफ्तारी हुई है। उन्होंने पड़वा पुलिस पर मामले में चुप्पी साधने और कार्रवाई में सुस्ती बरतने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि अब तक पीड़ित परिवार को मुआवजा नहीं मिलने से लोगों में आक्रोश है।
समाहरणालय गेट पर प्रदर्शन के बाद आंदोलनकारी धरना स्थल पर पहुंचे, जहां कांशीराम और मृतक पवन कुमार के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। धरना को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने पवन हत्याकांड के सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को मुआवजा और न्याय सुनिश्चित करने की मांग झारखंड सरकार से की।
धरना-प्रदर्शन में अनुसूचित जाति महासभा के अध्यक्ष मुंडेश्वर राम, दिलीप राम, जेकेएम के केंद्रीय उपाध्यक्ष रामनरेश राम, क्रांतिकारी किसान यूनियन के अशोक पाल, मिंटू रवि, मनोज राम, जेकेएलएफ आईटी सेल के अध्यक्ष कलीम अंसारी, बौद्ध महासभा के महासचिव रवि पाल तथा आरटीआई कार्यकर्ता धीरज चंद्रवंशी सहित कई लोग उपस्थित थे।






