मेदिनीनगर।
मेदिनीनगर के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत पोखराहा में सोमवार की रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में सैप जवान मनोज पांडेय की मौत हो गई। वह सदर प्रखंड के बड़कागांव के निवासी थे। मिली जानकारी के अनुसार मनोज पांडेय सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद सैप जवान के रूप में झारखंड विधानसभा में अपनी सेवा दे रहे थे।
परिजनों ने बताया कि गांव में होली के अवसर पर आयोजित अखंड कीर्तन में शामिल होने के बाद वह डाल्टनगंज लौट रहे थे। इसी दौरान पांकी-मेदिनीनगर मार्ग पर पोखराहा मेडिकल चौक के समीप हादसा हो गया। आशंका जताई जा रही है कि वहां बने नए स्पीड ब्रेकर पर उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह अपनी बुलेट मोटरसाइकिल समेत सड़क पर गिर पड़े।
मंगलवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों की नजर जब उन पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से संपर्क कर उन्हें इलाज के लिए एमएमसीएच भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया जाएगा।
मृतक अपने पीछे दो बेटियां और दो बेटे छोड़ गए हैं। परिजनों ने बताया कि बीते वर्ष ही उन्होंने अपनी बड़ी बेटी की शादी की थी। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अस्पताल में बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।






