पलामू (पड़वा)। पड़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत तेलियाही गांव में शनिवार देर रात पवन कुमार नामक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया था कि पवन कुमार बैटरी चोरी करते हुए पकड़ा गया था, जिसके बाद ग्रामीणों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। पवन कुमार मूल रूप से कोकरसा गांव का रहने वाला था।हालांकि जो बात बाद में निकलकर सामने आई की पवन कुमार शनिवार की रात तेलियाही गांव में एक युवती से मिलने गया था। इसी दौरान परिजनों ने उसे पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि हल्ला होने पर आसपास के लोग जुट गए और उसे बैटरी चोर बताकर परिजनों व ग्रामीणों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पड़वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल पवन कुमार को रेस्क्यू कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा। मिली जानकारी के अनुसार अस्पताल ले जाने के दौरान पवन की रास्ते में ही मौत हो गई। एमएमसीएच के चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।इधर, युवक की मौत के बाद कोकरसा मुख्य पथ को आक्रोशित ग्रामीणों ने कई घंटों तक जाम कर दिया। सूचना मिलने पर डीएसपी राजेश यादव के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंची और समझा-बुझाकर सड़क जाम समाप्त कराने की प्रक्रिया शुरू की गई।पड़वा थाना प्रभारी अंचित कुमार ने बताया कि घटना शनिवार रात करीब 1 बजे की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।
लड़की से मिलने गया युवक की पीट-पीटकर हत्या, बैटरी चोरी के शक में भीड़ ने की पिटाई






