मेदिनीनगर।
नगर निगम चुनाव को लेकर क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में मेयर प्रत्याशी रिंकू सिंह ने अपने समर्थकों के साथ सोमवार को निगम के विभिन्न वार्डों एवं मोहल्लों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की, उनकी समस्याओं को सुना और विकास के मुद्दों पर चर्चा की। जनसंपर्क अभियान के दौरान रिंकू सिंह को स्थानीय जनता का उत्साहपूर्ण स्वागत एवं अपार समर्थन मिला। कई स्थानों पर महिलाओं, युवाओं एवं बुजुर्गों ने उन्हें फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए जीत की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
रिंकू सिंह ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि नगर निगम क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें मौका देती है तो वे पानी, सड़कों, नालियों, पेयजल, स्वच्छता एवं स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम के समग्र विकास के लिए जनता का सहयोग एवं विश्वास सबसे बड़ी ताकत है।
जनसंपर्क अभियान के दौरान रिंकू सिंह और पूर्व डिप्टी मेयर राकेश सिंह (मंगल सिंह) ने जेएमएम नेता एवं रामनवमी जेनरल कमिटी के अध्यक्ष युगल किशोर के आवास पर भी पहुंचीं। वहां उन्होंने युगल किशोर से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र के विकास के लिए आगे बढ़ने का आग्रह किया। सामाजिक नेता युगल किशोर ने रिंकू सिंह के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जनसंपर्क के माध्यम से जनता से सीधा संवाद स्थापित करना लोकतंत्र की मजबूती का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए जनप्रतिनिधियों को जमीनी स्तर पर सक्रिय रहना चाहिए।
जनसंपर्क अभियान के अंत में रिंकू सिंह ने कहा कि वे चुनाव जीतने के बाद जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे विकास एवं पारदर्शिता के लिए उन्हें समर्थन दें, ताकि नगर निगम क्षेत्र को एक स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित शहर बनाया जा सके।






