मेदिनीनगर।
नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में रविवार को मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नंबर 28 से वार्ड पार्षद प्रत्याशी मो. हसनैन खान द्वारा एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने वार्ड की जमीनी समस्याओं को सामने रखते हुए अपने विकासात्मक एजेंडे की जानकारी दी।
मो. हसनैन खान ने बताया कि वे वार्ड नंबर 28 से वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशी हैं और उनका चुनाव चिन्ह डबल रोटी छाप है। उन्होंने कहा कि उनका चुनाव लड़ने का उद्देश्य राजनीति नहीं, बल्कि वार्ड के आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना है। वर्षों से वार्ड के लोग बुनियादी सुविधाओं के अभाव में जीवन यापन करने को मजबूर हैं, जिसे अब बदलने का समय आ गया है। प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि वार्ड की सबसे बड़ी समस्या जर्जर सड़कें और नालियों की बदहाल स्थिति है। बरसात के मौसम में जलजमाव के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है। कई मोहल्लों में नियमित कचरा उठाव नहीं होने से गंदगी और बीमारियों का खतरा बना रहता है।
मो. हसनैन खान ने आगे कहा कि पेयजल संकट, खराब स्ट्रीट लाइट और जल निकासी की समस्या भी वार्ड के प्रमुख मुद्दों में शामिल हैं। यदि जनता उन्हें अपना आशीर्वाद देकर विजयी बनाती है, तो इन सभी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा। नगर निगम के संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वे पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ कार्य करेंगे तथा वार्डवासियों की आवाज को नगर निगम तक मजबूती से पहुंचाएंगे। किसी भी प्रकार की समस्या के समाधान के लिए उनका दरवाजा आम जनता के लिए हमेशा खुला रहेगा। प्रेस वार्ता के अंत में मो. हसनैन खान ने वार्ड नंबर 28 के मतदाताओं से अपील की कि वे विकास, स्वच्छता और बेहतर भविष्य के लिए उन्हें समर्थन दें और चुनाव चिन्ह डबल रोटी छाप पर मतदान कर उन्हें विजयी बनाएं।
मेदिनीनगर नगर निगम चुनाव वार्ड 28 से प्रत्याशी मो. हसनैन खान ने प्रेस वार्ता कर रखे विकास के मुद्दे






