पलामू।
पिपराटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत आमजनों को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को पिपराटांड़ थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों को डायन-भूत, झाड़-फूंक, जादू-टोना जैसे अंधविश्वासों से प्रेरित होकर घटित होने वाले अपराधों की जानकारी दी तथा इससे संबंधित कानून में दंडनीय प्रावधानों से अवगत कराया।
अभियान के दौरान नशा सेवन के दुष्परिणामों पर विस्तार से चर्चा की गई और नशा छोड़ने से होने वाले सामाजिक, पारिवारिक एवं स्वास्थ्य संबंधी लाभों के बारे में लोगों को समझाया गया। साथ ही वर्तमान समय में लगातार बढ़ रही साइबर ठगी एवं विभिन्न प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपायों पर भी पुलिस द्वारा जागरूक किया गया।
इस क्रम में राहबीर योजना के उद्देश्यों और इसके लाभों की जानकारी भी आम जनता को दी गई। यह जागरूकता कार्यक्रम विभिन्न स्कूलों, चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जाकर लोगों से संवाद स्थापित कर तथा सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता पोस्टर चिपकाकर संचालित किया गया। पुलिस ने आमजनों से अपील की कि वे अंधविश्वासों से दूर रहें, किसी भी प्रकार की अफवाह या झूठे प्रलोभन में न आएं और साइबर अपराध या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस हेल्पलाइन को दें।






