पलामू। पांकी थाना क्षेत्र के ग्राम कुसड़ी में अंधविश्वास से उपजे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई। मृतकों में विजय भुईया (45 वर्ष), उनकी पत्नी कलिया देवी (40 वर्ष) और 17 वर्षीय बेटी छोटू भुईया शामिल हैं। तीनों की हत्या धारदार हथियार से की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महेशी भुईया की मौत के बाद उनके पुत्र प्रमोद भुईया और रविन्द्र भुईया ने गांव के कुछ लोगों पर डायन-बिसाही कराने का आरोप लगाया था। इसी आरोप को लेकर गांव में तनाव बढ़ता गया और अंततः मामला हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। इसी दौरान आरोप-प्रत्यारोप और आपसी विवाद के बीच विजय भुईया, उनकी पत्नी और बेटी पर जानलेवा हमला किया गया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार घटना में ममता कुमारी (14 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गईं तथा पुत्रवधू नीतू देवी भी घायल है। घायल को पहले पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच रेफर कर दिया।
सूचना मिलते ही पांकी पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और भय का माहौल बना हुआ है।
पलामू के पांकी में अंधविश्वास की खौफनाक तस्वीर : पति-पत्नी व नाबालिग बेटी की धारदार हथियार से हत्या, दो गंभीर






