पलामू। जिले के मनातू थाना क्षेत्र अंतर्गत रंगेया पंचायत के चुनका गांव के धंगरडीहा टोला में रविवार शाम ओझा-गुनी के संदेह में एक बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 60 वर्षीय फगुनी भुइयां के रूप में हुई है। आरोप है कि लाठी-डंडे से पीटकर हत्या करने के बाद शव को गांव के बाहर फेंक दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर सोमवार को मनातू थाना प्रभारी विक्की कुमार मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर इंक्वेस्ट के बाद मंगलवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा। जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस के अनुसार घटना रविवार देर शाम हुई। मृतक के घर से 400 मीटर दूर एक अर्ध निर्मित मकान में डेड बॉडी पड़ी हुई थी। ओझा-गुनी के अंधविश्वास के कारण यह वारदात हुई है। मामले की गहन जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। एमएमसीएच में पोस्टमार्टम कराने आए परिजनों ने घटना की जानकारी दी।






