सतबरवा।
नेशनल हाईवे 39 मेदिनीनगर रांची मुख्य पथ पर सतबरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत खामडीह में बंगला स्कूल के पास सिंगल रोड पर रविवार दोपहर एक बाइक और ट्रक में जोरदार टक्कर हो गई जिसमें दोस्त की शादी का कार्ड बांटने निकले एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दोनों को इलाज के लिए एमएमसीएच मेदिनीनगर में भर्ती कराया गया है। मृतक की पहचान अंजय उराँव पिता वीरेंद्र उराँव के रूप में हुई है। वह कुलिया गांव का रहने वाला था। जख्मी युवकों में अंशु उराँव और पंकज उराँव शामिल हैं। अंशु की शादी 20 फरवरी को होने वाली थी। तीनों दोस्त उसकी बहन के घर रजडेरवा कार्ड बांटने जा रहे थे। तीनों एक साथ मुंबई में मजदूरी करते थे तथा कुछ दिन पहले मुंबई से लौटे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों साथी एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर शादी का कार्ड बांटने के लिए रजडेरवा गांव जाने के लिए निकले थे। खामडीह में बंगला स्कूल के पास एक वाहन को ओवरटेक करने के बाद सामने से आ रहे ट्रक से उसकी टक्कर हो गई।
ग्रामीणों से इस घटना की जानकारी मिलने पर सतबरवा थाना की पेट्रोलिंग गस्ती में शामिल एएसआई सुखसागर सिंह दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और तीनों घायलों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां एक को मृत पाया गया। इलाज के बाद भी दोनों घायल की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक का शव का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया इधर घटना के बाद परिजनों का रो तो कर बुरा हाल है।






