मेदिनीनगर। पाटन थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार में दो बाइक की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि एक को मामूली चोट आई है। दुर्घटना के बाद सभी घायलों को पाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया जहां प्रारंभिक जांच के बाद घायलों को उचित इलाज के लिए मेदिनीनगर के एमएमसीएच में भर्ती करवाया गया। जहां घायल दो लोगों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। घायलों में छत्तरपुर के लठेया गांव निवासी आकाश कुमार और विवेक कुमार है जबकि कृष्णा राम पाटन थाना क्षेत्र के सतहे गांव निवासी है।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह आकाश और विवेक कुमार एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर तसउआ गांव अपने बहन के घर जा रहा था इसी दौरान रास्ते में मोटरसाइकिल के टक्कर से तीनों घायल हो गए। जिसके बाद स्थानीय ग्रामीणों के द्वारा तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर पाटन पश्चिमी के जिला परिषद सदस्य संग्राम सिंह एमएमसीएच पहुंचकर अपने देखरेख में घायलों का इलाज करवा रहे हैं।






