नावाबाजार (पलामू)।
पलामू जिले के नावाबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत तुकबेरा पंचायत के डेरवना टोला स्थित नाला से एक महिला का दफनाया गया शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान पांडू थाना क्षेत्र के तीसीबार दरूवा निवासी द्वारिका मेहता की 25 वर्षीय पुत्री प्रियंका उर्फ पूजा देवी के रूप में हुई है, जो बीते पांच दिनों से लापता थी।
मृतका के मायके पक्ष द्वारा नावाबाजार थाना में गुमशुदगी की सूचना दी गई थी। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी संजय कुमार यादव के नेतृत्व में की जा रही जांच के दौरान संदेह के आधार पर डेरवना टोला स्थित नाला के पास गड्ढा को जेसीबी के द्वारा खुदवाया गया, जहां से प्रियंका का शव बरामद किया गया।
मजिस्ट्रेट सह नावाबाजार बीडीओ रेनूबाला की मौजूदगी में शव को बाहर निकाला गया। इस दौरान इंस्पेक्टर रामाशीष पासवान, थाना प्रभारी संजय कुमार यादव, तीसीबार पंचायत की मुखिया पूनम देवी तथा मृतका के परिजन मौके पर उपस्थित थे।
जानकारी के अनुसार प्रियंका उर्फ पूजा देवी की शादी विश्रामपुर थाना क्षेत्र के कौड़िया गांव अंतर्गत भूखला निवासी रंजीत मेहता से 2019 में हुई थी। परिजनों का आरोप है कि रंजीत मेहता का तुकबेरा की एक शादीशुदा महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी को लेकर प्रियंका की गला दबाकर हत्या कर शव को नाला के पास दफना दिए जाने की आशंका जताई जा रही है। इस घटना के बाद परिजनों के द्वारा विश्रामपुर थाना में आवेदन दिया जा रहा है।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच में भेज दिया है। विश्रामपुर थाना प्रभारी ऋषिकेश दुबे ने बताया की बुधवार को परिजनों के द्वारा गुमशुदा होने का आवेदन दिया गया था, गुरुवार को शव मिलने के बाद परिजनों के द्वारा पुनः आवेदन दिया गया जिसके बाद आवेदन के आधार पर एआईआर दर्ज किया जा रहा है, मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अनुसंधान के आधार पर जल्द ही स्थिति स्पष्ट कर ली जाएगी।
नावाबाजार के डेरवना नाला से महिला का दफनाया गया शव बरामद, पति पर हत्या का आरोप






