मेदिनीनगर। अंग्रेजी नववर्ष के मद्देनज़र सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा क्षेत्र के सिगरा, दुबियाखाड , हाईवे के साथ विभिन्न चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर ड्रिंक एंड ड्राइव जांच तथा एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।इस अभियान के तहत पुलिस टीम वाहन चालकों की ब्रेथ एनालाइज़र से जांच कर रही है, साथ ही दोपहिया व चारपहिया वाहनों के कागजात, हेलमेट व सीट बेल्ट की भी जांच की जा रही है। नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही अपराध नियंत्रण को लेकर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की तलाशी, रात्रि गश्ती और पेट्रोलिंग को भी बढ़ा दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नववर्ष के दौरान किसी भी तरह की हुड़दंग, आपराधिक गतिविधि और सड़क दुर्घटनाओं को रोकना अभियान का मुख्य उद्देश्य है।सदर थाना प्रभारी ने लाल जी ने बताया की थाना क्षेत्र के सिगरा, दुबियाखाड़, नेशनल हाईवे, के साथ साथ अन्य जगहों पर जांच अभियान चलाया जाएगा तथा नव वर्ष को लेकर दो गश्ती टीम निकलेगी जिसमें एक टीम क्षेत्र में जाएगी तथा दूसरा हाईवे पर घूमने का काम करेगी। सदर थाना प्रभारी ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे कानून का पालन करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। अभियान नववर्ष के दौरान लगातार जारी रहेगा।
नववर्ष पर सख्ती: सदर थाना क्षेत्र में ड्रिंक एंड ड्राइव जांच, एंटी क्राइम चेकिंग तेज






