मेदिनीनगर।
पलामू जिले के 198 हाई स्कूल एवं प्लस-2 हाई स्कूलों में जैक द्वारा आयोजित मैट्रिक व इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 की तैयारी को लेकर छह जनवरी से मॉडल प्रश्न पत्रों का अभ्यास शुरू किया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रश्नों की बेहतर समझ देना, उत्तर लेखन क्षमता में सुधार करना और जिले का परीक्षा परिणाम बेहतर करना है। मॉडल प्रश्न पत्रों का अभ्यास जनवरी माह तक प्रतिदिन कराया जाएगा, जिसके लिए शिड्यूल तैयार कर लिया गया है। इस वर्ष जिले से करीब 78 हजार परीक्षार्थी मैट्रिक व इंटरमीडिएट परीक्षा में शामिल होंगे।
समग्र शिक्षा अभियान के एडीपीओ अंबुजा पांडेय ने बताया कि मॉडल प्रश्न पत्र अभ्यास को लेकर 24 दिसंबर को उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन की अध्यक्षता में हाई स्कूल व प्लस-2 स्कूलों के प्रधानाध्यापकों की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे।
मॉडल प्रश्न पत्र अभ्यास की अनुश्रवण व्यवस्था के लिए 15 बीआरपी एवं सीआरपी की प्रतिनियुक्ति की गई है। ये सभी मेदिनीनगर डायट में बैठकर ऑनलाइन अनुश्रवण का कार्य करेंगे। अभ्यास प्रतिदिन सुबह 10 बजे से 12 बजे तक कराया जाएगा।
मूल्यांकन के दौरान जो परीक्षार्थी कमजोर पाए जाएंगे, उनके लिए दोपहर 12 बजे के बाद विशेष कक्षाओं का संचालन किया जाएगा। जिला स्तर पर ऑनलाइन मॉनिटरिंग के लिए एक कमेटी का गठन किया गया है, जिसमें डीडीसी, डीइओ, डीएसई और एडीपीओ शामिल हैं। स्कूलों को यह भी निर्देश दिया गया है कि मॉडल प्रश्न पत्र अभ्यास के दौरान आवश्यकता पड़ने पर विद्यार्थियों को प्रार्थना सभा में शामिल न कराकर उस समय का उपयोग कमजोर छात्रों के लिए विशेष कक्षाओं के संचालन में किया जाए।
जिला शिक्षा पदाधिकारी सौरभ प्रकाश ने बताया कि स्कूलों को ऑनलाइन मॉडल प्रश्न पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे। जिन विद्यालयों में स्मार्ट क्लास की सुविधा है, वहां स्मार्ट बोर्ड पर प्रश्न पत्र प्रदर्शित किए जाएंगे। वहीं, जिन स्कूलों में यह सुविधा नहीं है, वहां शिक्षक ब्लैक बोर्ड पर प्रश्न लिखेंगे या आवश्यकता अनुसार प्रश्न पत्रों की छपाई कर विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर शिक्षकों के माध्यम से मैट्रिक व इंटरमीडिएट के सभी विषयों के लिए पांच-पांच मॉडल सेट तैयार कराए गए हैं। इसके अलावा झारखंड शिक्षा परियोजना के माध्यम से भी ऑनलाइन मॉडल प्रश्न पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे।






