
मेदिनीनगर।
पलामू जिले में 15 दिसंबर से पैक्सों के माध्यम किसानों से धान की खरीददारी शुरू होगी। इसके लिए सभी तैयारियां अंतिम चरण में पहुँच चुकी हैं। चालू खरीफ वर्ष में जिले के लिए दो लाख क्विंटल धान खरीदने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके लिए 63 पैक्स केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं।
धान खरीद प्रक्रिया पूरी तरह सीसीटीवी निगरानी में होगी। इसके लिए पैक्स अध्यक्षों को कैमरे लगाना अनिवार्य किया गया है। साथ ही धान बेचने के लिए आने वाले किसानों के लिए पानी सहित सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। विभाग की ओर से पैक्सों को पॉश मशीन, धान की गुणवत्ता जांच के लिए मॉइस्चर मीटर सहित सभी आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
जिला खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी प्रीति किस्कू ने बताया कि पैक्स अध्यक्षों को धान खरीद से संबंधित प्रशिक्षण दिया जा चुका है। उन्होंने कहा कि सरकारी तय दर पर ही धान की खरीददारी की जाएगी। इस वर्ष की अच्छी बारिश के कारण जिले में धान की पैदावार भी बेहतर हुई है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपने धान को बिचौलियों को न बेचकर पैक्स केंद्रों पर बेचें, ताकि उन्हें उचित मूल्य मिल सके। जिले में अब तक 13,579 किसान ई-उपार्जन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं, और रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया जारी है।
पिछले वर्ष 2024-25 में 35 पैक्सों के माध्यम से 3,801 किसानों से 2,83,149 क्विंटल धान की खरीद की गई थी और सभी किसानों को भुगतान भी कर दिया गया था। इस वर्ष किसानों को बड़ा लाभ देते हुए पैक्स में धान बेचने पर उनका भुगतान दो से सात दिनों के भीतर एकमुश्त किया जाएगा। पहले भुगतान दो किस्तों में किया जाता था।






