मेदिनीनगर ।
सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुआ गांव के निराला टोला में सिगरेट नहीं देने पर दुकान में आग लगा देने की घटना में शामिल नाबालिग समेत दो को पुलिस ने पकड़ा है। नाबालिग को निरूद्ध कर बाल सुधार गृह भेजा गया, वहीं बालिग आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
ज्ञात हो की बुधवार रात्रि 11 बजे होली के दिन नशे में धुत्त दो युवकों ने निराला टोला के किराना दुकानदार राजेश कुमार गुप्ता पिता बिरेंद्र साव से फोन कर एवं दुकान के पास पहुंचकर सिगरेट मांगी थी। खत्म होने की जानकारी देने पर युवकों ने दुकान में आग लगा दी थी। इस अगलगी में दुकान में रखे शादी के सामान समेत दस लाख की संपत्ति जलकर खाक हो गयी थी। इस मामले में राजेश कुमार गुप्ता ने दो युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। पुलिस ने अनुसंधान के क्रम में निराला टोला के प्राथमिकी अभियुक्त ओम प्रकाश सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं एक नाबालिक किशोर को निरूद्ध किया।
सदर थाना में प्रभारी लालजी ने बताया की दुकान में आग लगाकर सामान जलाने के आरोप में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। घटना के आठ घंटे के अंदर अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। एक नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया।






