मेदिनीनगर (पलामू)।
पलामू जिले में बुधवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में ससुराल आए दामाद समेत तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच अस्पताल में जारी है। घटनाओं के बाद मृतकों के परिजनों का हाल बुरा है।
पहली घटना नावाजयपुर थाना क्षेत्र के पुराना यज्ञशाला के पास हुई, जहां एक पैशन बाइक और बुलेट मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक पर सवार तीन युवकों में से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान पकरिया, नावाजयपुर निवासी सचिन कुमार (पिता सुरेंद्र शर्मा) और आशीष कुमार (पिता सीताराम) के रूप में हुई है। वहीं घायल आकाश कुमार (पिता राजेश कुमार) का इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर घोरीघाट साप्ताहिक बाजार से लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही बुलेट मोटरसाइकिल से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल एमएमसीएच अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सचिन और आशीष को मृत घोषित कर दिया, जबकि आकाश की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है।
दूसरी घटना लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के डबरा गांव में हुई, जहां ससुराल आए मोहम्मगंज निवासी विश्वजीत सोनी की सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया जाता है कि विश्वजीत की शादी पिछले वर्ष हुई थी और वह मंगलवार को अपनी ससुराल आया था। बुधवार शाम को वह कार से घूमने निकला था। इसी दौरान कार से उतरते ही एक तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे आनन-फानन में इलाज के लिए एमएमसीएच अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में बाइक पर सवार राहुल भुइयां और आकाश भुइयां भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज जारी है। पुलिस ने दोनों घटनाओं में शामिल वाहनों को जब्त कर लिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। हादसों के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।






