
मेदिनीनगर।
शहर के एक स्वर्ण व्यवसायी से कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से दो देसी कट्टा, जिंदा कारतूस सहित कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए हैं। जानकारी के अनुसार, गोल्ड हाउस के मालिक रंजीत सोनी को व्हाट्सएप वॉइस मैसेज भेजकर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। इस घटना के बाद जिले में प्रिंस खान गैंग की एंट्री की आशंका जताई जा रही थी।
पीड़ित व्यवसायी ने 21 दिसंबर को शहर थाना में लिखित आवेदन दिया था, जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कप्तान के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर पुलिस के द्वारा आरोपी को हथियार के साथ गिरफ्तारी किया गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस कप्तान रीष्मा रमेशन ने बताया कि 25 दिसंबर को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कांग्रेस भवन के समीप नगर निगम के निर्माणाधीन भवन में छापेमारी कर मो. नाजीम (25 वर्ष) और मुर्तजा अंसारी (28 वर्ष) को गिरफ्तार किया। दोनों शहर थाना क्षेत्र के पहाड़ी मोहल्ला के निवासी हैं।
फायरिंग कर दहशत फैलाने की थी साजिश
पुलिस जांच में सामने आया है कि मो. नाजीम करीब सात महीने पहले उसी ज्वेलरी दुकान से आभूषण खरीद चुका था, जिससे उसे दुकान की गतिविधियों की पूरी जानकारी थी। आरोपी लगातार दुकान की रेकी कर रहे थे और परसों दुकान का वीडियो बनाकर प्रिंस खान को भेजा गया था। फायरिंग कर दहशत फैलाने के लिए 22 दिसंबर को मो. नाजीम के बैंक खाते में 24 हजार रुपये भी भेजे गए थे। गुरुवार को दुकान के सामने फायरिंग की योजना बनाई गई थी, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
आपराधिक इतिहास भी सामने आया
जांच में यह भी पता चला है कि मो. नाजीम का पूर्व में आपराधिक इतिहास रहा है। वह मुरारी पांडेय पर गोली चलाने के एक मामले में भी आरोपी रह चुका है। बरामद वेगनआर कार मो. नाजीम के पिता के नाम पर पंजीकृत पाई गई है। उन दोनों के पास से पुलिस ने दो देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन, लोहे का पाइप, सोने की दुकान की पर्ची, एक कार और एक बाइक बरामद की है।
एसपी ने स्पष्ट किया कि फिलहाल जिले में यह पहली घटना है, जिसमें प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी मांगी गई है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।






