
मेदिनीनगर। राजकीयकृत ब्राह्मण प्लस टू उच्च विद्यालय, मेदनीनगर में सोमवार को तृतीय शिक्षक-अभिभावक बैठक (पीटीएम) सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में बतौर मुख्य अतिथि सांसद प्रतिनिधि श्री विजय ओझा उपस्थित रहे।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं उनके अभिभावक शामिल हुए। बैठक के दौरान विद्यालय के वातावरण को और अधिक सुंदर व अनुशासित बनाने तथा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने पर विस्तार से चर्चा की गई। छात्र प्रतिनिधि ने मुख्य अतिथि के समक्ष विद्यालय में सभी विषयों के शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग रखी, ताकि पठन-पाठन कार्य और अधिक सुदृढ़ हो सके।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री सतीश कुमार दुबे ने शिक्षक-अभिभावक बैठक के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि इस पीटीएम का मुख्य उद्देश्य विद्यालय में सहज एवं सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना, छात्रों में सीखने की प्रक्रिया को मजबूत बनाना तथा बच्चों के लर्निंग गैप को कम करने में माता-पिता की भूमिका को स्पष्ट करना है। उन्होंने अभिभावकों से घर में शैक्षणिक माहौल तैयार करने, बच्चों के शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक विकास में सक्रिय सहयोग देने पर बल दिया।
बैठक में बाल सुरक्षा अधिकारों की जानकारी दी गई तथा अधिकारों के हनन की रोकथाम में अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका पर भी चर्चा की गई। विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से संवाद करते हुए छात्रों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देने की बात कही गई।
अंत में प्रधानाध्यापक श्री दुबे ने सभी माता-पिता से अपील की कि वे अपने पुत्र-पुत्रियों को प्रतिदिन विद्यालय की निर्धारित यूनिफॉर्म में स्कूल भेजें, ताकि अनुशासन और समानता का वातावरण बना रहे।






